नवलगढ़ ( 12 जनवरी 2025 ) टोंक छीलरी ग्राम पंचायत के कीरों की ढाणी निवासी हंसराज की हत्या के बाद मृतक के परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा था। हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजनों ने परसरामपुरा सीएचसी के बाहर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया था। कल गोठड़ा थानाधिकारी कमलेश चौधरी और पुलिस उप अधीक्षक राजवीर सिंह ने समझाइश दी थी, लेकिन ग्रामीण हत्यारों की गिरफ्तारी होने तक शव लेने के लिए तैयार नहीं थे।
आज धरनास्थल पर नवलगढ़ विधायक विक्रम सिंह जाखल पहुंचे। उन्होंने धरनारत ग्रामीणों और मृतक के परिजनों से बातचीत की और उनकी सभी चिंताओं को समझा। विधायक जाखल ने कहा, "आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।"
विधायक ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि वे मामले में पूरी गंभीरता से काम करेंगे और दोषियों को कड़ी सजा दिलाने का प्रयास करेंगे। इसके बाद, उन्होंने मृतक के परिजनों को एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। विधायक की समझाइश और सहायता के बाद, ग्रामीणों ने धरना समाप्त कर दिया और शव को लेने के लिए राजी हो गए।
धरने के दौरान गोठड़ा थानाधिकारी कमलेश चौधरी, पुलिस उप अधीक्षक राजवीर सिंह, सरपंच कनीराम और अन्य ग्रामीणजन भी उपस्थित थे। विधायक की पहल और प्रशासन के साथ हुई बातचीत के बाद मामला शांत हुआ।
परिजनों ने इस मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की है और यह उम्मीद जताई है कि पुलिस इस मामले को जल्द हल करेगा।
