झुंझुनूं ( 6 जनवरी 2025 ) शीतलहर और कड़ाके की ठंड को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। जिला कलेक्टर रामावतार मीणा ने जिले में संचालित समस्त सरकारी और निजी विद्यालयों में कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए 7 जनवरी से 11 जनवरी 2025 तक अवकाश घोषित कर दिया है। यह निर्णय मौसम विभाग द्वारा जारी की गई भविष्यवाणी के आधार पर लिया गया है, जिसमें आने वाले दिनों में भीषण ठंड चेतावनी दी गई है।
कलेक्टर मीणा ने कहा कि यह कदम छात्रों की स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है, क्योंकि शीतलहर और ठंड के कारण बच्चों की सेहत पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह अवकाश केवल विद्यार्थियों के लिए लागू रहेगा, और विद्यालय के शिक्षक व अन्य कर्मचारी अपने नियमित कार्य के लिए उपस्थित रहेंगे।
सख्त कार्रवाई का निर्देश
जिला कलेक्टर ने समस्त विद्यालयों के प्रधानों को आदेश का कड़ाई से पालन करने की सख्त हिदायत दी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी विद्यालय में आदेश के दौरान कक्षाएं संचालित पाई जाती हैं, तो संबंधित संस्था के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मौसम विभाग की चेतावनी
मौसम विभाग ने आगामी दिनों में कड़ी ठंड की संभावना जताई है, जो बच्चों की सेहत के लिए खतरनाक हो सकते हैं। इन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा के लिए यह कदम उठाया है।
इस निर्णय से अभिभावकों ने राहत की सांस ली है, क्योंकि बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य के प्रति प्रशासन की संवेदनशीलता ने उनके मन में भरोसा पैदा किया है। वहीं, शिक्षक और स्कूल प्रशासन द्वारा इस आदेश का पालन सुनिश्चित किया जाएगा ताकि बच्चों को ठंड से बचाया जा सके और उनका स्वास्थ्य बेहतर बना रहे।

