फूल सुंघाकर कर किया बेहोश, होश आया तो नहीं थी हाथ में अंगूठी
सीकर ( 9 जनवरी 2025 ) कृषि धान मंडी में एक अजीबो-गरीब लूट का मामला सामने आया है, जहां साधुओं के भेष में आए लुटेरों ने व्यापारी को नशीला पदार्थ सूंघाकर उसकी सोने की अंगूठी उड़ा ली। यह घटना दोपहर के समय उस वक्त हुई जब व्यापारी प्रदीप अग्रवाल अपनी दुकान पर बैठे थे और दो साधु भिक्षाटन के लिए उनकी दुकान पर आए थे।
प्रदीप अग्रवाल (58) जो जयपुर-सीकर नेशनल हाईवे पर स्थित कृषि धान मंडी में B-23 नंबर की दुकान पर अनाज का व्यापार करते हैं, ने बताया कि करीब 1 बजे दो साधु उनके पास भीख मांगने आए। साधु आकर शॉप में बैठ गए और व्यापारी से बात करने लगे। इसी दौरान एक साधु ने उन्हें एक फूल सूंघने को कहा और बताया कि यह चमत्कारी फूल है, जिससे उनका कारोबार अच्छा हो जाएगा।
साधु ने अपना बैग खोला और उसमें से एक गेंदे का फूल निकाला, जो नशीले पदार्थ से सना हुआ था। व्यापारी ने जब उस फूल को सूंघ लिया तो वह तुरंत बेहोश हो गए। बेहोश होने के बाद व्यापारी लगभग 15 मिनट तक अपनी दुकान पर ही लेटे रहे। इस दौरान, साधु ने मौके का फायदा उठाया और व्यापारी के हाथ में पहनी सोने की अंगूठी, जिसका वजन करीब 12 ग्राम था और जिसकी कीमत लगभग 95 हजार रुपये थी, निकालकर फरार हो गए।
घटना के बाद व्यापारी ने अपने साथ हुई लूट की सूचना पुलिस को दी। सीकर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और अपराधियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का मानना है कि लुटेरे पेशेवर अपराधी हो सकते हैं, जो साधुओं के भेष में लोगों को झांसा देकर उनके साथ धोखाधड़ी करते हैं।
यह घटना शहर में सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर रही है, क्योंकि इसे देखते हुए व्यापारियों और आम जनता में दहशत फैल गई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को समझते हुए तेज़ी से कार्रवाई शुरू कर दी है और जल्द ही अपराधियों को पकड़ने की उम्मीद जताई जा रही है ।
