Breaking News

6/recent/ticker-posts

Header Ads Widget

जिला परिषद बैठक में नवलगढ़ के विकास कार्यों को मिली मंजूरी, प्रधान दिनेश सुंडा ने रखी अहम मांगे



झुंझुनूं 23 अप्रैल 2025 । जिला परिषद की साधारण सभा की बैठक बुधवार को जिला प्रमुख हर्षिनी कुलहरि की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में झुंझुनूं विधायक राजेंद्र भांबू, पिलानी विधायक पितराम सिंह काला, उदयपुरवाटी विधायक भगवानाराम सैनी, जिला कलेक्टर रामावतार मीणा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।


बैठक की शुरुआत गत बैठक की पुष्टि से हुई, जिसके पश्चात निर्धारित बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष एवं नवलगढ़ प्रधान दिनेश सुंडा ने नवलगढ़ पंचायत समिति सहित जिले के ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए।


सुंडा ने बताया कि नवलगढ़ क्षेत्र से संबंधित 184 से अधिक विकास प्रस्ताव जनवरी माह से लंबित थे, जिन्हें इस बैठक में स्वीकृति प्रदान की गई है। इनमें अंबेडकर भवनों और पानी की टंकियों के निर्माण जैसे कार्य शामिल हैं, जो अब शीघ्र शुरू होंगे।


इसके अलावा सुंडा ने आगजनी की घटनाओं में हुए नुकसान की भरपाई के लिए अजमेर डिस्कॉम से दी जाने वाली सहायता राशि को बढ़ाने की मांग रखी। उन्होंने सीकर-झुंझुनूं टोल रोड के दोनों ओर झाड़ियां व घास हटवाने, सड़क की मरम्मत, फेरोकवर लगाने और मांडासी पंचायत के सामने जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान की भी बात रखी।


सुंडा की ओर से उठाए गए मुद्दों को गंभीरता से लेते हुए जिला परिषद ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।